कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर शोक

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर शोक 
हापुड़,सीमन/अशोक तोमर:  जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में बुधवार को कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा के सदस्य अहमद पटेल के निधन पर कांग्रेसियों ने शोक सभा की। कांग्रेसियों ने अहमद पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। जिलाध्यक्ष मिथुन त्यागी ने कहा कि अहमद पटेल जी ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत नगरपालिका के चुनाव से की थी, जिसके बाद वे आगे चलकर पंचायत के सभापति भी नियुक्त किए गए थे। बाद में अहमद पटेल जी ने कांग्रेस पार्टी में प्रवेश किया और उसके बाद राज्य कांग्रेस के अध्यक्ष भी बने। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इन्दिरा गांधी जी के आपातकाल के बाद 1977 में आम चुनाव हुए थे, जिसमें इन्दिरा गांधी जी की हार हुई थी। इसी चुनाव में अहमद पटेल जी की जीत हुई और पहली बार लोकसभा में सांसद चुनकर आए थे। 
शहर अध्यक्ष अभिषेक गोयल ने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता व राज्यसभा सदस्य अहमद पटेल जी काफी दिनों से गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में कोरोना के कारण भर्ती थे। बुधवार की सुबह को उनके निधन की आकस्मिक सूचना प्राप्त हुई तो यकीन नहीं हुआ। अहमद पटेल जी का जाना अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और कांग्रेस पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं के लिए एक अपूर्णीय क्षति है।
 सभा में डॉक्टर खालिद मोहम्मद, रघुवीर सिंह एडवोकेट,सभासद इरफान अहमद, विक्की शर्मा, जस्सा सिंह,एहतेशाम कुरैशी,भरतलाल शर्मा,जितेंद्र सिंह,शादाब कुरैशी,डॉक्टर कौसर इकबाल,प्रोफेसर रफीक अली,राजकुमारी,रजत कुमार आदि उपस्थित थे।