शराब पीने से छह मरे,मचा हड़कंप

शराब पीने से छह मरे,मचा हड़कंप
हापुड़,सत्य प्रकाश सीमन : जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर के अंतर्गत बृजघाट पर जहरीली शराब पीने से 6 लोगों की मौत की खबर है और यह आंकड़ा बढऩे की सम्भावना से इंकार नहीं किया जा सकता। जनपद हापुड़ का आबकारी विभाग इस मामले को छिपाने और लीपा पोती करने पर लगा है और इन छह मौतों को हार्ट अटैक से हुई मौत बता रहा है।
   मृतक के परिवारजनों ने बताया कि उनके परिवारजन ने अन्य लोगों के साथ 16 नवम्बर को शराब पी थी, जिसके बाद उनकी तबियत बिगडऩे लगी और उन्हें एक बंगाली डाक्टर को दिखाया गया। तबियत में सुधार न होने पर उन्हें गढ़मुक्तेश्वर के सरकारी अस्पताल व मेरठ के पारस हास्पिटल ले जाया गया। दो दिनों में 6 लोगों की मौत हो गई। बताते है कि शराब पीने वाले अभी कई और लोग पीडि़त है। 
   पता चला है कि शराब पीने से हुए लोगों के खराब स्वास्थ्य की भनक आबकारी विभाग को लग गई। आबकारी विभाग सक्रिय हो उठा और मृतकों के परिवारजनों को पोस्टमार्टम न कराने के लिए राजी कर लिया और मृतकों के अंतिम संस्कार तक अन्येष्टि स्थल पर आबकारी विभाग के नुमाइंदे डटे रहे।
   अब प्रश्र पैदा होता है कि एक ही चिकित्सक के यहां जाने वाले सभी मरीजों की मौत एक ही समय में हार्ट अटैक से होना कैसे सम्भव है। क्या,जब मरीजों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया और उनकी मौत हो गई तो पोस्टमार्टम क्यों नहीं कराया गया।
     शराब पीने से मरने वाले पीडि़तों की संख्या बढ़ सकती है। आबकारी विभाग के अफसर अभी भी चुप्पी साधे है।