गोवर्धन पर्व कृष्ण भक्ति का पर्व
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): कार्तिक शुक्ल पक्ष प्रतिपदा रविवार को यहां गोवर्धन पूजा पर्व कृष्ण भक्ति के पर्व के रुप में मनाया गया। गाय को देव लक्ष्मी के रुप में पूजित किया गया। नगर के मंदिरों में स्थान-स्थान पर प्रसादी का आयोजन किया गया। तथा श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान श्री कृष्ण के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की।
आज भोर में गौवंश को स्नान कराकर उन्हें श्रृंगरित किया गया। श्रद्धालुओं ने आज मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की और अन्नकूट का भोग लगाया। श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे और अन्नकूट का प्रसाद ग्रहण कर भगवान श्री कृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा का परिचय दिया।
आज घर-घर में गोवर्धन स्थापित किया गया और परिवारों ने सामूहिक रुप से गोवर्धन पूजा की। श्रद्धालुओं ने संकल्प लिया कि वे भगवान श्री कृष्ण के संदेशों से शिक्षा ग्रहण कर पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन,नारी सम्मान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। ब्रज भक्त सत्य प्रकाश ने बताया कि आज का दिन प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का दिन है, यह श्रीकृष्ण भक्ति का पर्व है। श्रद्धालुओं ने भण्डारों में प्रसाद ग्रहण कर भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा का परिचय दिया।
गोवर्धन पर्व कृष्ण भक्ति का पर्व