हापुड़ में भारत बंद बेअसर रहा
हापुड़, सीमन: कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर अनेक किसान संगठनों द्वारा आठ दिसम्बर को किए गए भारत बंद के आवाह्न का हापुड़ में कोई असर दिखाई नहीं दिया। किसानों ने मांग के समर्थन में कुछ घंटों के लिए धरना देकर प्रदर्शन किया। जिला पुलिस व प्रशासन ने चौकन्ना रहकर यातायात को सुचारू रुप से जारी रखा और कांग्रेस,सपा के नेताओं को घर में ही नजर बंद कर दिया।
पुलिस व प्रशासन तथा नगर पालिका की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर नगर के विभिन्न मार्गो पर लगे बेनर,होडिग्स व पोस्टर रात में ही हटा दिए तथा रुट डायवर्ट कर दिया। कांग्रेस शहर अध्यक्ष अभिषेक गोयल व समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष तेजपाल प्रमुख सहित अनेक नेताओं को पुलिस ने घरों में ही नजर बंद कर दिया। मंगलवार के भारत बंद का हापुड़ में कोई असर नहीं दिखाई दिया। सभी बाजार सामान्य रुप से खुले और बाजारों में खूब चहल-पहल रही। यातायात सामान्य रुप से जारी रहा।
भारत बंद के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन की अगुवाई में सैकड़ों किसान यशवीर,धर्मवीर,रामपाल सिंह,मनोज तेवतिया,ओमवीर सिंह आदि काली नदी टोल टैक्स के निकट पहुंचे और धरना देकर प्रदर्शन किया। किसानों के धरने को समर्थन देने समाजवादी पार्टी व कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता भी पहुंचे। धरना स्थल पर किसान नेताओं ने कृषि कानूनों को किसानों के अहित में बताते हुए उन्हें रद्द करने की मांग की।
हापुड़ में भारत बंद बेअसर रहा