हापुड़: मां-बेटी की मौत का मामला, चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

हापुड़: मां-बेटी की मौत का मामला, चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली के गांव भोवापुर में स्थित एक घर में रविवार की सुबह मां-बेटी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। कमरे में मां का शव फंदे से लटका मिला जबकि बच्ची का शव सोफे पर था। मृतक महिला रिंकी के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। 

रवि की शादी चार साल पहले जनपद बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव रिटौला निवासी रिंकी से हुई थी। रिंकी और रवि की एक 11 माह की बेटी रिया भी थी। रवि नोएडा में जॉब करता और अक्सर बाहर रहता। रविवार की सुबह जब रिंकी की सांस महिंद्रा ने रिंकी को आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला जिसके बाद महिंद्रा ने कमरे में झांखा तो उसका शव फंदे से लटका मिला। मामले की जांच पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और सोफे पर 11 माह की रिया का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया।

मां का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने दो लाख रुपए और बाइक की मांग की। घटनास्थल पर पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिंक टीम भी पहुंची और जांच की। मामले में पुलिस ने ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस इस मामले में हत्या और आत्महत्या दोनो बिंदुओं पर जांच कर रही है।