कुत्ता काटने से पागल हुई गाय ने दर्जनों को घायल किया



उत्तर प्रदेश, बड़ौत/बागपत (जययात्रा): कुत्ते के काटने से पागल हुई गाय ने दो दिन में अंगदपुर, आरिखपुर खेड़ी और जौहड़ी गांव में 30 से ज्यादा लोगों को टक्कर मार दी। जिनमें से कई लोगों ने अस्पताल में उपचार कराया। दूसरे दिन ग्रामीणों ने पशु चिकित्सकों के सहयोग से गाय को पकड़ लिया और गांव से बाहर खेल के मैदान में बांध दिया। अंगदपुर, जौहड़ी और आरिखपुर खेड़ी गांव में घूमने वाली एक गाय में मंगलवार से रेबीज के लक्षण उभर आए। वह बैचेन होकर गलियों में इधर-उधर दौड़ने लगी और जो भी सामने आया, उसे टक्कर मार दी। मंगलवार रात लोगों ने पीआरवी को फोन कर इसकी जानकारी दी। बुधवार सुबह 10 बजे अंगदपुर के ग्राम प्रधान प्रह्राद शर्मा और आरिखपुर के ग्राम प्रधान सुंदर ग्रामीणों के साथ अंगदपुर गांव के पशु अस्पताल में पहुंचे और पशु चिकित्सकों से गाय को पकड़ने की मांग की। गाय ने कृष्ण, रोहित, सुनील, आदेश, राम सिहं, हौरम, ओमपाल, जेवेंद्र, बीरसैन, सोनू, प्रवीण, मोनू, नवीन समेत 30 से ज्यादा लोगों को टक्कर मार दी। कई का अस्पताल में उपचार कराना पड़ा। पशु चिकित्सक डा. देवेंद्र सोलंकी, अरविंद शर्मा आदि ने जौहड़ी गांव में ग्रामीणों के सहयोग से बेहोशी का इंजेक्शन लगाने के बाद गाय को पकड़ लिया। जौहड़ी ग्राम प्रधान सोहन पाल लोगों के सहयोग से गाय को ट्रैक्टर ट्राली में लेकर खेल के मैदान में पहुंचे और पेड़ से बांधकर पानी और चारा रख दिया। डा. देवेंद्र ने बताया कि संभवत: गाय को पागल कुत्ते ने काट लिया था। जिससे गाय में रेबीज के लक्षण उभर आए।