पुरानी पैंशन बहाली को लेकर प्रतिनिधिमंडल कांग्रेस अध्यक्ष मिला

 पुरानी पैंशन बहाली को लेकर प्रतिनिधिमंडल कांग्रेस अध्यक्ष मिला

हापुड़,सीमन :यूनिक टीचर्स एंप्लॉयज कमेटी उत्तर प्रदेश के जिला संयोजक व अध्यक्ष डा. देवपाल सिंह राणा ने गुरुवार को शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अभिषेक गोयल से भेंट की और उन्हें पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि आज उत्तर प्रदेश के लगभग 14 लाख शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी 1 अप्रैल 2005 से लागू नवीन पेंशन स्कीम के दुष्परिणामों को लेकर चिंतित हैं। डॉक्टर देवपाल सिंह राणा ने बताया कि एनपीएस एक शेयर बाजार आधारित व्यवस्था है जिसमें न्यूनतम पेंशन का कोई प्रावधान नहीं किया गया है। इसे लेकर सरकारी कर्मचारी व शिक्षक यूनियन विगत 15 वर्षों से लगातार पुरानी पेंशन की मांग कर रहा है। डॉक्टर देवपाल सिंह राणा ने शहर अध्यक्ष अभिषेक गोयल से निवेदन किया है कि वे न्यूनतम पेंशन की मांग को कांग्रेस पार्टी के एक जिम्मेदार प्रतिनिधि के रूप में शामिल करने के लिए प्रदेश का नेतृत्व कर रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रभारी प्रियंका गांधी और प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को पत्र लिखें। इसके लिए यूनिक टीचर्स एंप्लाइज कमेटी उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी का सदैव आभारी रहेगा। डॉक्टर देवपाल सिंह राणा ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कर्मचारी, शिक्षक व अधिकारी कांग्रेस पार्टी की तरफ उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे हैं अतः आप जल्द ही पुरानी पेंशन बहाली पर सरकार के समक्ष उनका पक्ष रखें और सरकार को नवीन पेंशन योजना के दुष्परिणामों से अवगत कराएं। शहर अध्यक्ष अभिषेक गोयल ने आश्वासन दिलाया है कि वह इस विषय पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रभारी प्रियंका गांधी और प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार 'लल्लू' को जल्द से जल्द अवगत कराएंगे। इस अवसर पर कृष्ण द्विवेदी, कृष्ण मुरारी शर्मा, जितेंद्र कुमार, जितेंद्र सिंह, अरविंद कुमार, हरीश कुमार, प्रवीण कुमार शर्मा,देवमणि सिंह, विक्की शर्मा, मनोज शर्मा आदि उपस्थित रहे।