दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता

 

दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता

हापुड़, सीमन: दहेज लालचियों से बुरी तरह प्रताड़ित एक विवाहिता ने बुधवार की सुबह दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में मृतका के ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। यह मामला थाना बाबूगढ़ के गांव आरिफपुर का है।

पुलिस को दी गई तहरीर में थाना बाबूगढ़ के गांव आरिफपुर के जफर उर्फ चुन्ना ने बताया है कि उसकी बेटी शाहीन की शादी लगभग तीन वर्ष पहले थाना सिम्भावली के गांव अनूपपुर डिबाई के शफाकत के बेटे वसीम से साथ हुई थी। विवाह में उसने लाखों रुपए नकद तथा अन्य सामान दिया था, परंतु शाहीन के ससुरालिए संतुष्ट नहीं थे। ससुरालिए लगातार बीस लाख रुपए की मांग करते आ रहे थे।

बात तीन अगस्त मंगलवार-2021 की शाम 7 बजे की है, जब शाहीन घायल अवस्था में आरिफपुर मढैया के जंगल में मिली। जफर व अन्य लोग शाहीन को घर ले आए। शाहीन ने मायके के लोगों को बताया कि उसके ससुरालियों ने दहेज को लेकर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की है और जंगल में फैंक गए है। घायल शाहीन ने बुधवार की सुबह दम तोड़ दिया। शाहीन की मौत की खबर पर गांव में हड़कंप मच गया और लोगों का हुजूम घर पर एकत्र हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शाहीन को शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा है। आरोपी पति वसीम व अन्य ससुरालिए पुलिस पकड़ से अभी फरार है।